चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोरबा (न्यूज वाला)। चलती इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। धुआं निकलता देख चालक ने स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसा मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी मुख्य मार्ग पर हुआ है।

पुरानी बस्ती निवासी विकास केसरवानी रविवार शाम को बुधवारी बाजार से अपने घर लौट रहा था। तभी शॉर्ट सर्किट के चलते हादसा हो गया। उसने इसकी सूचना इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी कंपनी को भी दी। कंपनी के कुछ कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्कूटी के बैटरी को डिस्कनेक्ट करने का प्रयास किया। उसके बावजूद धुआं रुक नहीं रहा था।

इस घटना के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ को देख इसकी सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई। इससे लोगों में इलेक्ट्रिक स्कूटी को लेकर कंपनी पर भारी आक्रोश है। इससे पहले भी इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।





















































































































































































































































































































