अमोनियम नाइट्रेट से भरे ट्रक का निर्धारित मार्ग बदलकर कलेक्टोरेट लाने की गंभीर लापरवाही पर शिकायत
कोरबा (न्यूज़ वाला)।
जिम्मेदार नागरिक तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता मो. नियाज़ नूर आरबी ने एक अत्यंत संवेदनशील और गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री, कलेक्टर, एसपी एवं GST कमिश्नर को विस्तृत शिकायत भेजी है।



शिकायत में उल्लेख है कि State GST Circle-2, कोरबा के अधिकारियों—
- अभिनीत सिंह बावरार
- प्रमाकर उपाध्याय
ने जानकार होते हुए भी अमोनियम नाइट्रेट से भरे 34 टन ट्रक का निर्धारित सुरक्षित मार्ग (Route) बदलकर उसे कलेक्टोरेट परिसर में खड़े रहने दिया।
अमोनियम नाइट्रेट जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं विस्फोटक क्षमता वाले पदार्थ का रूट बदलना सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन है। यह ट्रक लगभग 24 घंटे तक उस परिसर में खड़ा रहा, जहाँ-
● मंत्रीगण,
● वरिष्ठ अधिकारी,
● न्यायालय से जुड़े अधिवक्ता,
● आम नागरिक,
● तथा पूरा जिला प्रशासन
निरंतर आवाजाही करता है।
नूर ने कहा “भगवान न करें यदि कोई अनहोनी हो जाती, तो जनहानि का स्तर अकल्पनीय होता। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि हज़ारों लोगों की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ है।”
उन्होंने मांग की कि इतनी गंभीर घटना में शामिल अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा उनके विरुद्ध FIR दर्ज कर सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की सुरक्षा-विफलताएँ दोबारा न हों।
साथ ही, नूर ने इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की माँग की है, ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन और अधिक दृढ़ता से सुनिश्चित किया जा सके।
















































































































































































































































































































