करियर पब्लिक स्कूल में ‘आरंगम 2025’ का रंगारंग एवं भव्य आयोजन
कोरबा (न्यूज वाला)। करियर पब्लिक स्कूल में ‘आरंगम – वार्षिक उत्सव समारोह 2025’ का भव्य आयोजन हुआ। विद्यालय परिसर आकर्षक सजावट, उत्साहपूर्ण वातावरण और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा था। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की प्रभावशाली उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजीत वसंत (आई.ए.एस.), विशिष्ट अतिथि मनीष राजोरिया (चेयरमैन, करियर पब्लिक स्कूल) तथा विशेष अतिथि प्रो. प्रदीप जैन (ग्रुप डायरेक्टर) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न से सम्मान किया गया। इसी अवसर पर करियर डिजाइन स्कूल का उद्घाटन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया, जिसे विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और भविष्य की रणनीति का एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा तथा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत दिव्य और मनमोहक गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग से भर दिया। इसके बाद प्रस्तुत “भारत–एकता नृत्य-नाटिका” में छात्रों ने पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत की लोक-संस्कृति को नृत्य के माध्यम से शानदार ढंग से दर्शाया। छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत फ्यूजन डांस ने अपनी मासूमियत और ऊर्जा से दर्शकों का दिल जीत लिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत “नारी शक्ति” पर आधारित समकालीन नृत्य ने समाज में महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और बदलती भूमिका को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत तब हुआ जब छात्रों के समूह गायन ने “वंदे मातरम्” की मधुर एवं शक्तिशाली स्वर-लहरियों से सभा को गूँजायमान कर दिया।समारोह में चेयरमैन मनीष राजोरिया ने अपने प्रेरक उद्बोधन में ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शिक्षा पद्धतियों और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। ग्रुप डायरेक्टर प्रो. प्रदीप जैन ने विद्यालय को तकनीकी उन्नति, शैक्षणिक गुणवत्ता और समग्र शिक्षा के लिए एक आदर्श संस्थान बताया।मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अपने संबोधन में न केवल शिक्षा और जीवन मूल्यों की महत्ता पर जोर दिया, बल्कि विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्षों और प्रेरणादायक अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास कैसे किसी भी व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुँचा सकते हैं।
उनके इस प्रेरणादायी संवाद ने बच्चों और अभिभावकों दोनों को अत्यंत प्रभावित किया। इस दौरान छात्रों और अभिभावकों ने कलेक्टर महोदय से अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता, स्नेह और प्रोत्साहन से भरा उत्तर देकर सभी का मन जीत लिया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण तिवारी ने वर्ष 2024–25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियों, खेल प्रतियोगिताओं में सफलता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्रों की सक्रियता और विद्यालय की नई शैक्षणिक पहलों का विस्तृत विवरण शामिल था। उनका प्रतिवेदन विद्यालय की सतत प्रगति और उत्कृष्टता का परिचायक रहा।
कार्यक्रम में गत वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों का मंच पर सम्मान किया गया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्मृति चिह्न और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनके अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरे गर्व से चमक उठे।अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। करियर पब्लिक स्कूल का “आरंगम 2025” जहाँ रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा, वहीं इसने छात्रों की प्रतिभा, विद्यालय की कार्यप्रणाली और शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।
















































































































































































































































































































